Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 06 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरोआ में आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 'सेतु' सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा एक विशेष और भव्य कार्यक्रम 'मातृ नमन' का आयोजन किया जा रहा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पूरी दुनिया में महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाने तथा लैंगिक समानता की दिशा में वैश्विक प्रयासों को गति देने का एक सशक्त मंच है, और इसी भावना को आत्मसात करते हुए सेतु ट्रस्ट इस वर्ष सराज की मातृशक्ति को सम्मानित करने जा रहा है।
इस गौरवशाली कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष, जो सराज के स्थानीय विधायक भी हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और समाजसेवी डॉ. साधना ठाकुर भी मौजूद रहेंगी। रविवार, 8 मार्च को सरोआ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, बल्कि समाज के निर्माण में उनके निस्वार्थ योगदान को नमन करना भी है।
स्थानीय आयोजकों और सेतु ट्रस्ट ने सराज क्षेत्र की समस्त जनता और विशेषकर मातृशक्ति से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में भारी से भारी संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाएं और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाएं, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव और मजबूत हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा