Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय, सुपौल के परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त, सुपौल इंद्रवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें हुनरमंद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नियोजन मेला स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम है। योग्य अभ्यर्थी अपनी क्षमता और योग्यता के अनुरूप विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी हासिल करने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और भविष्य में दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की अपील की। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में नियोजन मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने को कहा। साथ ही जिला नियोजनालय की पहल की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नियोजन मेले में 20 से अधिक कंपनियों और नियोजकों ने भाग लिया। कंपनियों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। मेले के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में करीब 2000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।रोजगार के अवसरों के साथ युवाओं को करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर का चुनाव करने में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों से बातचीत कर मेले में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं नियोजन प्रक्रिया की जानकारी ली। मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी लरविन कुमार सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र