Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 06 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना विधानसभा के सोमवार 7 सितंबर से शुरू हो रहे सत्र से पहले भारत राष्ट्र समिति(बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव की सदन से लंबी अनुपस्थिति को लेकर कांग्रेस ने आज रविवार को हैदराबाद के धरना चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अज़हरुद्दीन और आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने किया। धरना से पहले कई कांग्रेस कार्यकर्ता कुंभकर्ण केसीआर के पोस्टर लहराते हुए धरना चौक की ओर मार्च करते दिखे।
सभा को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की विधानसभा से लंबी अनुपस्थिति पर सवाल उठाए और कहा कि संवैधानिक जिम्मेदारियों को प्रतिबद्धता और जवाबदेही के साथ निभाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केसीआर विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हो सकते हैं, तो उन्हें विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष के नेता का पद एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है और सरकार से सवाल करना, बहस में भाग लेना और जनता की चिंताओं को उठाना उनकी जिम्मेदारी है।
अज़हरुद्दीन ने कहा, विधानसभा से केसीआर की लगातार अनुपस्थिति उन लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल उठाती है जिन्होंने उन्हें चुना है।
बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के विधानसभा से लगातार दूर रहने पर निशाना साधते हुए, तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री से सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में भाग लेने का आग्रह किया। इससे पहले 4 सितंबर को भी कांग्रेस ने तेलंगाना में पार्टी के सत्ता में आने के बाद से 1,000 दिनों तक विधानसभा से गायब रहने को लेकर केसीआर के खिलाफ हैदराबाद में 'कुंभकर्ण' विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj