Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिवस राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरदारपुरा में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कुल 564 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लेकर मतदान प्रक्रिया से संबंधित सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी जवाहर चौधरी ने प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण कंचन राठौड़ के साथ बुधवार को बीएलएमटी द्वारा पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा प्रशिक्षणार्थियों से मतदान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी एवं उनकी शंकाओं के बारे में भी चर्चा की।उप जिला निर्वाचन अधिकारी चौधरी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को मतदान दिवस पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की जानकारी देते हुए सामान्य भूलों एवं सावधानियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता एवं जिम्मेदारी को समझते हुए उत्कृष्ट कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। चौधरी ने प्रशिक्षण स्थल पर कार्मिक अनुभाग, प्रशिक्षण अनुभाग एवं डाक मतपत्र अनुभाग का निरीक्षण किया।
साथ ही भोजन व्यवस्था स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश