Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 02 सितंबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल में बदले राजनीतिक और औद्योगिक माहौल के बीच अब पांडवेश्वर को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के हब के रूप में विकसित करने की पहल शुरू की गई है। उद्योगपतियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 27 सितंबर को पांडवेश्वर में एक विशेष इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आयोजकों का कहना है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद उद्योग और निवेश के क्षेत्र में माहौल में बदलाव आया है। पुरुलिया, बांकुड़ा और हावड़ा सहित विभिन्न जिलों में औद्योगिक समूहों ने निवेश में रुचि दिखाई है। अब पांडवेश्वर में भी निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में पहल की जा रही है।
कॉन्क्लेव में मुख्य रूप से उन उद्योगपतियों और उद्यमियों को आमंत्रित किया जाएगा, जो इस क्षेत्र में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग स्थापित करने में रुचि रखते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं, बुनियादी ढांचे, जमीन, सरकारी सहयोग तथा निवेशकों के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
मंगलवार देर शाम आयोजित एक बैठक में विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों तथा दुर्गापुर और पांडवेश्वर क्षेत्र के कई उद्योगपतियों ने भाग लिया। बैठक में नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं और निवेश के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
उखड़ा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज सराफ ने कहा कि पिछली सरकार की तुलना में वर्तमान में राज्य में अधिक उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है और उद्योगपति नए निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। हालांकि उन्होंने उद्योग स्थापित करने के लिए सरकारी अनुमति की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं तेज बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उद्योगपति पार्थ घोष ने बताया कि पांडवेश्वर क्षेत्र में पहले से ही कई उद्यमियों ने सूक्ष्म और मध्यम उद्योग स्थापित करने में रुचि दिखाई है।
पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में अब उद्योग के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है और पांडवेश्वर पहले की तुलना में काफी बदल चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से कॉन्क्लेव में शामिल होकर क्षेत्र में निवेश करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि आने वाले दिनों में पांडवेश्वर को सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योगों के एक प्रमुख हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में सरकार भी पहल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा