Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 02 सितंबर (हि. स.)। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। दोनों डैम में पानी का स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मैथन डैम का वर्तमान जलस्तर 485 फीट है, जबकि खतरे का निशान 495 फीट निर्धारित है। वहीं पंचेत डैम में वर्तमान जलस्तर 415 फीट बताया गया है, जबकि इसका खतरे का निशान 425 फीट है। इस प्रकार दोनों डैम का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 10 फीट नीचे है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के संबंधित अधिकारी डैमों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। जलस्तर और नदी प्रवाह की निगरानी में केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) भी अपनी भूमिका निभा रहा है। डैमों में बढ़ते पानी के दबाव को नियंत्रित रखने के लिए डीवीसी द्वारा आवश्यकतानुसार नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है।
डैम से पानी छोड़े जाने के कारण बराकर और दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों तथा स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है। नदी किनारे और निचले इलाकों के निवासियों से भी प्रशासन ने सतर्क रहने और नदी के किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।
लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में डीवीसी, केंद्रीय जल आयोग, पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन और संबंधित आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा