Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार पर नगर निगमों के पुनर्गठन को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए वार्डों की संख्या बढ़ाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक बनाया गया। तत्कालीन सरकार ने अपनी संभावित हार से बचने के लिए जोधपुर, जयपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया और वार्डों की संख्या बढ़ाई।
बुधवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि पहले जोधपुर में 65 वार्ड थे, जिन्हें बढ़ाकर 100 किया गया। फिर शहर को दो नगर निगमों में बांट दिया गया। इसी तरह का विभाजन जयपुर और कोटा में भी किया गया, जो केवल और केवल राजनीति से प्रेरित निर्णय था। शेखावत ने कहा कि आने वाले समय में एकीकृत जोधपुर का बोर्ड बनेगा। केंद्र की भाजपा की सरकार, राज्य में भाजपा की सरकार और स्थानीय स्तर पर भाजपा की सरकार के साथ पंचायतीराज संस्थाओं में भी पार्टी की सफलता सुनिश्चित होगी। उन्होंने इसे फोर-व्हील सरकार बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से जोधपुर और पूरे राजस्थान में अभूतपूर्व विकास किया जाएगा।
निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर कथित असंतोष के सवाल पर शेखावत ने कहा कि पार्टी परिवार भाव से काम करने वाली पार्टी है। सभी कार्यकर्ता मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं के मन में महत्वाकांक्षा होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी अनेक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किसी एक प्रत्याशी का चयन करती है। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने पर किसी कार्यकर्ता के मन में स्वाभाविक रूप से रोष आ सकता है, लेकिन इसे पार्टी के भीतर असहज स्थिति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से देश को विकसित बनाने और सामान्य मानवीय जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर काम हुआ है। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले ढाई वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केवल घोषणाएं ही नहीं कीं, अपितु उन्हें धरातल पर उतारने का काम भी किया है। संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रियता और डबल इंजन सरकार के काम के आधार पर भाजपा न केवल जोधपुर, अपितु पूरे राजस्थान में कमल खिलाने में सफल होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश