Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 14 सितंबर (हि.स.)। राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया।
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी (एडीसीपी) बसंथ कुमार ने बताया कि आज सुबह कृष्णानगर पुलिस को एक शव सड़क किनारे मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देख तो एसएस ग्रांड होटल के पास सड़क किनारे पड़ी मौरंग पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मृतक की गर्दन पर नुकीली वस्तु से कटे एवं चोट के निशान पाए गए। आसपास के लोगों की मदद से शव की शिनाख्त टिकैतगंज गोला कुआं निवासी राम बाबू मौर्य (35) के रुप में हुई है। वह एक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी का कार्य करता था।
घटना की जानकारी पर पहुंची बहन दीपिका ने बताया कि रविवार की रात को भाई की फोन पर मां से बातचीत हुई थी। वह घर नहीं पहुंचा। सोमवार की सुबह उसका शव मिला है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक