Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-52 पर अकोदिया नाका के पास तेज रफ्तार शिवशक्ति ट्रेवल्स की बस की टक्कर से एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्यामाबाबू (52) पुत्र रामचंद्र वर्मा निवासी कुमारियापाल, थाना मोहन बड़ोदिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्यामाबाबू अकोदिया नाका के पास बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान इकलेरा से इंदौर जा रही शिवशक्ति ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी-41-जेडबी-9955 तेज गति से वहां पहुंची और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक