Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अनूपपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के पकरिहा मुख्य मार्ग श्रमिक नगर बस स्टैंड पर संचालित एक बाइक वर्कशॉप में बुधवार दोपहर एयर कंप्रेसर टैंक फटने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक टैंक में हवा भर रहा था।
जानकारी के अनुसार, कोतमा थाना क्षेत्र के श्रमिक नगर पकरिहा मुख्य मार्ग पर संचालित मोतीलाल साहू की बाइक रिपेयर, धुलाई एवं हवा भरने की वर्कशॉप में बुधवार की दोपहर अचानक एयर कंप्रेसर टैंक में तेज धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से वर्कशॉप में काम कर रहे 21 वर्षीय प्रिंस कुमार साहू पुत्र मोतीलाल साहू, गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के समय मृतक के पिता और छोटा भाई धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। प्रिंस दुकान पर अकेला काम कर रहा था और खेत जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह छोटे एयर कंप्रेसर टैंक में हवा भर रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि टैंक में निर्धारित क्षमता से अधिक हवा भर जाने के कारण वह फट गया। धमाका इतना तेज था कि प्रिंस के शरीर के दाहिने हिस्से, दाहिने हाथ की अंगुलियों, सिर और कनपटी में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
चिकित्सकों से सूचना मिलने के बाद कोतमा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने मायके में है, जहां 15 दिन पहले ऑपरेशन के माध्यम से उसने एक पुत्र को जन्म दिया था। इसके अलावा दंपति का एक दो वर्षीय बेटा भी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला