Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चम्पावत, 5 अगस्त (हि.स.)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य हितों की रक्षा के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने चम्पावत में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के दो मॉलों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस की वैधता, खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, गोदाम की स्थिति, स्वच्छता मानकों तथा पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था की जांच की गई।
जांच के दौरान विभागीय टीम ने सोया चंक्स, मसूर दाल, रेडीमेड अदरक-लहसुन पेस्ट तथा रेडीमेड लहसुन चटनी के कुल चार नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण अभियान के दौरान सहायक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दिनेश फर्त्याल भी उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी जारी रहेगी तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी