Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को बीसीए की छात्रा का शव घर में पड़ा मिला है। उसी के पास एक युवक घायल हालत में पड़ा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल युवक को अस्पताल में इलाज के बाद हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि मूलरूप से अमेठी जिले की रहने वाली स्मृति पाण्डेय (17) अपने परिवार के साथ लखनऊ के नरपतखेड़ा में रहती थी। वह बीसीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को उसका शव घर में खून से लथपथ हालत में पड़ा था। पास में ही घायल अवस्था में उसका क्लासमेट देवांश पाठक भी मिला। कॉलेज से लौटकर आई बहन जागृति ने कमरे के भीतर बहन का शव और उसके क्लासमेट को घायल देखा तो उसकी चीख निकल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायल युवक को लोकबंधु अस्पताल में उपचार के बाद हिरासत में ले लिया। इधर, घटना की जानकारी पर अमेठी गये परिजन वापस लखनऊ के लिए रवाना हो गये।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बुधवार को घर में कोई न होने पर युवक देवांश छात्रा स्मृति के घर पहुंचा था। दोनों में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद देवांश ने चाकू से युवती पर हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक