Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम कदमटोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पाठटोला में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय भवन जर्जर होने से छात्रों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं पेयजल संकट और शिक्षकों की कमी ने शिक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित कर दिया है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जल्द आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय भवन की छत से लगातार प्लास्टर झड़ रहा है और कई स्थानों पर सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। स्कूल में अध्ययनरत 11 बच्चे हर दिन भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय परिसर का मुख्य सुरक्षा गेट भी जर्जर होकर गिरने की स्थिति में पहुंच चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
200 मीटर दूर से लाना पड़ रहा पेयजल
विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप लंबे समय से खराब है। इसके चलते बच्चों और शिक्षकों को करीब 200 मीटर दूर स्थित निजी हैंडपंप या कुएं से पीने का पानी लाना पड़ता है। इससे पढ़ाई का समय भी प्रभावित होता है और विद्यार्थियों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका अल्मा टोप्पो का नाम अब भी पाठटोला स्कूल में दर्ज है और उनका वेतन भी यहीं से जारी होता है, लेकिन उनकी ड्यूटी बदरा में लगी हुई है। ऐसे में जब विद्यालय के दूसरे शिक्षक शासकीय कार्य या विभागीय बैठकों में जाते हैं, तो बच्चों की पढ़ाई बाधित हो जाती है।
ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जर्जर भवन के स्थान पर नए स्कूल भवन का निर्माण, खराब हैंडपंप की शीघ्र मरम्मत तथा विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बुनियादी सुविधाएं और पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
सहायक अध्यापक राम किशोर गुप्ता ने बुधवार को बताया कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जिले के सर्व शिक्षा अभियान के प्रमुख संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि अभी इसे दिखाता हूं और जानकारी लेकर इस आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला