Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की। हाल ही में अन्य दलों से एनडीए और भाजपा में शामिल हुए सांसद भी बैठक में मौजूद रहे।
इनमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वाति मालिवाल, विनोद तावड़े, सुजीत कुमार, अलका गर्जुर, अशोक मित्तल, तरुण चुग सहित कई सांसद शामिल रहे।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों को संसद की कार्यवाही में नियमित रूप से उपस्थित रहने और सक्रिय भागीदारी निभाने की सलाह दी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में संयम, शिष्टाचार और गरिमापूर्ण आचरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने सांसदों से सोशल मीडिया और तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी तथा सावधानी के साथ करने को कहा। उन्होंने उन्हें “लुटियंस दिल्ली” के प्रभाव से बचने और जनता से जुड़े रहने की सीख भी दी।
बैठक के बाद कई सांसदों ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री से मुलाकात के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन, सादगी और प्रेरणादायी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य नितिन नवीन ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि आज नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों के साथ आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ सम्मिलित हुआ। उन्होंने कहा कि
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हम सभी पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी