Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिमूर्ति नगर स्थित कृष्णा कॉलोनी में बुधवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक की पहचान करमेता निवासी यशवंत ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो से तीन बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक