Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 20 अगस्त (हि.स.)। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के समीप गुरुवार सुबह वाहन जांच के दौरान कर्रा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली।
टीम ने एक चारपहिया वाहन से करीब 205 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में वाहन सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के राउरकेला से सिमडेगा और कमडारा होते हुए गांजा से लदा एक वाहन कर्रा-लोधमा मार्ग के रास्ते रांची की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कर्रा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
इसके बाद कर्रा पुलिस और एनसीबी रांची की टीम ने लोधमा पुलिस पिकेट के पास संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के बाद एनसीबी रांची की टीम बरामद गांजा, जब्त वाहन और गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपितों को अपने साथ रांची स्थित एनसीबी कार्यालय ले गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा