Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दक्षिण दिनाजपुर, 20 अगस्त (हि. स.)। आवास योजना के तहत स्वीकृत घर के निर्माण के लिए कथित तौर पर ‘अवैध वसूली’ नहीं देने पर काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए दृष्टिहीन पिता-पुत्र ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक से मदद की गुहार लगाई। मामला बालुरघाट के हरिरामपुर के बोड़ा गांव का है। बोड़ा गांव निवासी सब्बारक हुसैन और उनके बेटे सोहेब अख्तर दोनों दृष्टिहीन हैं। परिवार लंबे समय से जर्जर मकान में बेहद कठिन परिस्थितियों में रह रहा है। प्रशासन की ओर से उन्हें आवास योजना के तहत घर स्वीकृत हुआ है। हालांकि, आरोप है कि एक करीबी रिश्तेदार और स्थानीय तृणमूल नेता कथित रूप से घर का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दे रहे हैं।
पिता-पुत्र का आरोप है कि उक्त नेता ने घर बनाने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी। राशि नहीं देने के कारण पिछले छह महीने से निर्माण कार्य रुका हुआ है। उनका यह भी आरोप है कि जब भी मजदूर काम शुरू करने पहुंचते हैं, उन्हें वहां से भगा दिया जाता है। मजदूरों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। फिलहाल परिवार टूटे हुए रसोईघर और खराब शौचालय के सहारे बारिश के मौसम में बेहद मुश्किल हालात में जीवन गुजार रहा है। स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं मिलने के बाद पिता-पुत्र गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचे और जल्द से जल्द आवास निर्माण शुरू कराने की मांग की।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच करने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार