Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महोबा, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा जनपद मुख्यालय में गुरुवार को भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज सौंपा । आशा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से वेतन लागू करने, सामाजिक सुरक्षा देने और सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन के साथ ही अन्य सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है।
गुरुवार को आशा संगिनी कर्मचारी संघ की आशा कार्यकर्ताओं ने भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को सौंपा है। संघ की महामंत्री गीता ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय के अंतर्गत एनएचएम योजना के तहत देशभर में 10 लाख से अधिक आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काम कर रहीं हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, साफ-सफाई, रेफरल, जननी सुरक्षा योजना सहित दर्जनों जिम्मेदारियां इन्हीं के कंधों पर हैं। इसके बावजूद इन्हें आज तक नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। सिर्फ प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार से स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन कार्यरत आशा कार्यकर्ता, सहयोगिनी, मितानीन, फैसिलिटेटर, बी.टी.टी., बी.सी., एसपीएस, को-ऑर्डिनेटर आदि को पद के अनुसार 18 हजार से 36 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाए। प्रोत्साहन और मानदेय की जगह वेतन प्रणाली लागू की जाए। इसके साथ ही पदोन्नति और वार्षिक इन्क्रीमेंट, आशा योजना में प्रमोशन का कैडर बनाया जाए और हर साल वार्षिक वेतनवृद्धि दी जाए, जिससे वरिष्ठ कर्मचारियों को लाभ मिल सके।और सभी आशा कर्मियों को समान काम के लिए समान पारिश्रमिक दिया जाए।
आशाओं से लिए जाते कई काम
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब से उन्होंने काम शुरू किया है तब से मातृ-शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी आई है। इसके अलावा राज्य सरकारों द्वारा महिला एवं बाल विकास, राजस्व, सामाजिक कल्याण जैसे विभागों के काम भी आशाओं से कराए जाते हैं। संघ के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से पत्र को शासन तक भेजकर जल्द समाधान कराए जाने की मांग की है। इस दौरान आशा कार्यकर्ता सीता देवी, रूबी सेन, देवकी धुरिया, नीतू गुप्ता, पार्वती, अर्चना, नीतू, समेत अन्य मौजूद रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी