Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खड़गपुर, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर एक नंबर विकासखंड के बड़कुला क्षेत्र के पूर्व तृणमूल क्षेत्राध्यक्ष अजीत दास महापात्र के आवास का गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उनके ऊपर सड़े शब्जी व अंडे फेंके जाने का भी आरोप लगा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का वातावरण बन गया।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व क्षेत्राध्यक्ष ने गरीब लोगों को सरकारी आवास योजना के अंतर्गत मकान दिलाने के नाम पर प्रत्येक लाभार्थी से 20 हजार रुपये तथा कारखाने में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर 15 हजार रुपये लिए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्यों में भी उन्होंने भारी मात्रा में अवैध वसूली की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर जिन लोगों से धन लिया गया है, उन्हें पूरी राशि तत्काल वापस की जाए। उनका आरोप है कि पूर्व क्षेत्राध्यक्ष लंबे समय से विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार में संलिप्त रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पूर्व क्षेत्राध्यक्ष के आवास के बाहर नारेबाजी की तथा कथित रूप से उनके ऊपर अंडे भी फेंके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता