Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम मेदिनीपुर, 09 जुलाई (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के दांतन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह खड़गपुर–बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 पर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक मोटरसाइकिल से केशपुर से दीघा जा रहे थे। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अभिषेक मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, केशपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणपड़शुड़ा गांव निवासी तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर दीघा की ओर जा रहे थे। दांतन थाना क्षेत्र के सास्तानगर के समीप उनकी मोटरसाइकिल की एक लॉरी से आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दांतन थाना पुलिस तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल दांतन ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 25 वर्षीय अभिषेक मंडल को मृत घोषित कर दिया।
अन्य दो घायलों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद चालक सहित लॉरी मौके से फरार हो गई। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अभिषेक मंडल की असमय मृत्यु की सूचना मिलते ही दक्षिणपड़शुड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता