Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। आगामी रामलीला की तैयारियों को लेकर बुधवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) उपाध्यक्ष एन सरवण कुमार ने बुधवार को दिल्ली धार्मिक महासंघ के पदाधिकारियों एवं दिल्ली की प्रमुख रामलीलाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में आने वाले रामलीला समारोहों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। यह जानकारी डीडीए सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रामलीला कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़े मामलों और इनके सुचारू संचालन के लिए डीडीए से सहयोग मांगा। इसके बाद डीडीए के उपाध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि शहर भर में रामलीला समारोहों के सफल और बिना किसी परेशानी के आयोजन के लिए डीडीए पूरा सहयोग और सहायता देगा। उन्होंने दोहराया कि डीडीए अपने अधिकार क्षेत्र में हर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बैठक में राजीव बब्बर, धीरज धर गुप्ता, अनिल शर्मा, श्याम शर्मा, गुलशन विरमानी, महेंद्र नागपाल सहित डीडीए के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव