Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थियों के जरिए फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने वाले महेंद्र कुमार (30) निवासी झाब जिला जालौर को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि 19 मार्च 2023 को आयोजित हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा में महेंद्र कुमार ने पहले से गिरफ्तार आरोपित बृजेश कुमार मीणा निवासी महुआ (दौसा) के स्थान पर डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी। यह परीक्षा दौसा के श्री रामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपित महेंद्र कुमार के परीक्षा देने के कारण बृजेश कुमार मीणा का चयन हाईकोर्ट एलडीसी पद पर हो गया और उसकी नियुक्ति धौलपुर जिले के बाड़ी स्थित एसीजेएम न्यायालय में हो गई। मामला उजागर होने पर न्यायालय ने उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया।
पूछताछ में बृजेश कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अनुचित लाभ के लिए महेंद्र कुमार को अपने स्थान पर परीक्षा में बैठाया और परीक्षा के दौरान कूटरचित हस्ताक्षर भी कराए। इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में दर्ज प्रकरण में कार्रवाई करते हुए महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया।
एसओजी की जांच में यह भी सामने आया कि महेंद्र कुमार आदतन डमी अभ्यर्थी है। वह प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा-हिन्दी) भर्ती परीक्षा-2022 वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 तथा वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में भी अन्य अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे चुका है। इन मामलों में भी उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल के निर्देशन में आईजी अजयपाल लाम्बा, डीआईजी भुवन भूषण यादव, एसपी कुन्दन कंवरिया तथा अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहेष चौधरी के नेतृत्व में की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश