Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वॉशिंगटन, 20 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अमेरिका यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में गिरफ्तारी नहीं होगी। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की उस टिप्पणी का विरोध किया, जिसमें उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी पर कानूनी विकल्पों पर विचार किए जाने की बात कही थी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, बेंजामिन नेतन्याहू को अमेरिका में किसी भी तरह, किसी भी रूप में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू ईरान के खिलाफ लड़ रहे हैं और अमेरिका उनका समर्थन करता है।
ट्रंप ने अपने बयान में आरोप लगाया कि ईरान ने हाल ही में 52,000 निर्दोष प्रदर्शनकारियों की हत्या की है और पिछले 47 वर्षों से अमेरिकी सैनिकों सहित कई लोगों की जान ली है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई का कोई सवाल ही नहीं उठता।
दरअसल, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क टाइम्स के एक पॉडकास्ट में कहा था कि उनका प्रशासन संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी के कानूनी पहलुओं पर विचार कर रहा है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान भी ऐसा कदम उठाने का वादा किया था।
ममदानी ने कहा, मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू का स्थान हेग में है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने उन पर युद्ध अपराधों के आरोप लगाए हैं और दुनिया में कई लोग इस राय से सहमत हैं।
जब उनसे पूछा गया कि कानून उन्हें क्या करने की अनुमति देता है, तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनके प्रशासन का विधिक विभाग सक्रिय रूप से विचार-विमर्श कर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका प्रशासन कानून की सीमाओं से बाहर जाकर कोई कदम उठाने में रुचि नहीं रखता।
ट्रम्प और ममदानी के इन परस्पर विरोधी बयानों ने अमेरिका में नेतन्याहू की संभावित यात्रा और उससे जुड़े कानूनी एवं राजनीतिक विवाद को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय