दिव्यांग क्रिकेट में जज्जे यादव के दो शतकों से यूपी बनी चैंपियन
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। चंडीगढ़ में आयोजित तीन राज्यों के दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में मीरजापुर के खिलाड़ी जज्जे यादव ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से उत्तर प्रदेश को चैंपियन बना दिया। कोन ब्लॉक के तिलठी निवासी जज्जे यादव ने टूर्नामेंट में दो श
मीरजापुर के खिलाड़ी जज्जे यादव।


मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। चंडीगढ़ में आयोजित तीन राज्यों के दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में मीरजापुर के खिलाड़ी जज्जे यादव ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से उत्तर प्रदेश को चैंपियन बना दिया। कोन ब्लॉक के तिलठी निवासी जज्जे यादव ने टूर्नामेंट में दो शतक जड़ते हुए न सिर्फ टीम को खिताब दिलाया, बल्कि मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान भी अपने नाम किया।

टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश, पंजाब और छत्तीसगढ़ की टीमें शामिल थीं। उद्घाटन मुकाबले में पंजाब के खिलाफ जज्जे यादव ने शानदार शतक लगाकर उत्तर प्रदेश को जीत दिलाई। इसके बाद 19 जुलाई को खेले गए फाइनल में छत्तीसगढ़ के खिलाफ उन्होंने 15 ओवर के मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 105 रन बनाए। उत्तर प्रदेश ने तीन विकेट पर 153 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

टूर्नामेंट में मीरजापुर जिले के आठ दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इनमें जज्जे यादव के अलावा लखनपुर के विजयभान और इंदल सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।

समापन समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि जज्जे यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और विजेता शील्ड से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा