Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महोबा, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए युवक पर पुरानी रंजिश में बीते मंगलवार को जानलेवा हमला कर दोनों हाथ काटकर मरणासन्न करने की घटना में वांछित स्थानीय नेता समेत दो आरोपितों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महोबा जनपद से गुजरने वाले कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की देर रात दबंगों ने तेल डलवाने पहुंचे मुख्यालय निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर को घेरकर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने घायल युवक के दोनों हाथ काट कर सनसनी मचा दी थी। जानलेवा हमले में युवक के पैरों और सिर में भी गंभीर चोटें आईं थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। फिलहाल घायल जयवेंद्र गुरुग्राम स्थित एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
घायल के पिता बाबूसिंह की तहरीर पर पुलिस ने स्थानीय नेता शिवप्रताप सिंह परमार, रोहित बेड़िया, राजेश और दो अज्ञात समेत पांच पर बलवा, जानलेवा हमला सहित अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज किया था। घटना के बाद से स्थानीय नेता मुख्य आरोपित शिव प्रताप परमार अपने साथी के साथ फरार चल रहा था।
सदर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने सोमवार को बताया कि उक्त घटना में वांछित आरोपित समद नगर निवासी शिव प्रताप सिंह परमार और राजेश उर्फ छोटू को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में तीन आरोपितों को अभिषेक श्रीवास, रोहित बेड़िया और नादिर पुत्र असलम उर्फ शमां टेलर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी