छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी
रायपुर 20 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटाें में अधिकांश इलाकाें में हुई बारिश के कारण कई
छत्तीसगढ़ में  बारिश


रायपुर 20 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटाें में अधिकांश इलाकाें में हुई बारिश के कारण कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं तथा जनजीवन प्रभावित हुआ है। छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी सहित कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राजधानी रायपुर में आज सोमवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड एवं उससे सटे बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण, उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका तथा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश एवं दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग, कांकेर, बालोद, जशपुर सहित अनेक जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल