Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 19 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों ने मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं और कांवड़ पटरी मार्ग से लेकर पार्किंग स्थलों तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग 25 जुलाई तक हर हाल में व्यवस्थाएं और सुविधाएं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, शौचालय, सड़क, सफाई, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ-साथ स्थायी और अस्थायी शौचालयों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा बैरागी कैंप और अलकनंदा पार्किंग क्षेत्र में झाड़ी कटान और जेसीबी मशीनों के माध्यम से भूमि समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है।
जल निगम की ओर से बैरागी कैंप में शिवभक्तों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नई पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं। अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फेज-1 में 244 मीटर सड़क मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि फेज-2 में एक ही दिन में 137 मीटर कार्य संपन्न किया गया।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला