Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 19 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन स्थित प्राचीन विष्णु पीठ श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार को भगवान जगन्नाथ की 18वीं भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। उड़ीसा के पुरी से रियासत काल में लाई गई भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की प्रतिमाओं से सुशोभित इस मंदिर की सिरमौर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी विशेष धार्मिक मान्यता है।
रथ यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र के विग्रहों को परंपरा के अनुसार अलग-अलग सुसज्जित पालकियों में विराजमान कर मंदिर से बाहर लाया गया। पालकियां ढोल-नगाड़ों और जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच काली स्थान पहुंचीं, जहां पूजा-अर्चना के उपरांत कुछ समय विश्राम किया गया। इसके बाद शोभायात्रा चौगान पहुंची, जहां भव्य रथ तैयार रखा गया था।
चौगान में उपायुक्त प्रियंका वर्मा, विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा सांसद सुरेश कश्यप ने भगवान की पूजा-अर्चना कर 56 भोग अर्पित किए। इसके पश्चात भगवान जगन्नाथ अपने परिवार सहित रथ पर आरूढ़ होकर नगर भ्रमण के लिए निकले।
श्रद्धालुओं ने रस्सों की सहायता से रथ को खींचते हुए जय जगन्नाथ के उद्घोष के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। यह रथ यात्रा चौगान से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम को कच्चा टैंक स्थित रघुनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान विश्राम करेंगे। इसके बाद पालकियों के माध्यम से शोभायात्रा बाजार से होकर पुनः श्री जगन्नाथ मंदिर लौटेगी।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान का रथ खींचकर पुण्य अर्जित किया। यात्रा की विशेष बात यह रही कि इसमें राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधि एक साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए। कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने एक साथ पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन के लिए यह सौभाग्य की बात है कि यहां प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का आयोजन होता है। उन्होंने लोगों से इस धार्मिक परंपरा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताया।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाहन में आयोजित होने वाली यह रथ यात्रा शहर को एक विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान प्रदान कर रही है।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर