Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।सूरजपुर जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए आज मंगलवार विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह जारी है। 13 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग जिले के सभी विकासखंडों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है।
अभियान के दौरान शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों, मदरसों तथा विद्यालय से बाहर की पात्र बालिकाओं तक भी पहुंच बनाई जाएगी। जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की उपलब्धि कम है, वहां विशेष सत्र आयोजित कर लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से अभियान का संचालन कर रहा है। प्रत्येक टीकाकरण की जानकारी यू-विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी और अभियान की प्रतिदिन समीक्षा भी की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को निकटतम टीकाकरण केंद्र ले जाकर नि:शुल्क एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं। विभाग का कहना है कि यह टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय