Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रियव्रतसिंह खींची के आह्वान पर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावरा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वैष्णो देवी मंदिर परिसर से तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, आय-व्यय और श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दान राशि के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होना आवश्यक है। ज्ञापन में ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय और दान राशि के उपयोग की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष एजेंसी अथवा उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी ने बताया कि यह अभियान श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े संस्थान में वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक जिले की प्रत्येक पंचायत और वार्ड स्तर पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोधिया, पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमन अरोरा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, नेता प्रतिपक्ष ज्ञानू विजयवर्गी, कैलाश कुशवाहा, यूनुस मोहम्मद, राजू वर्मा, पुष्पेंद्र पाराशर, जय जगताप, जगदीश सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक