Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही युवतियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर अपराधी को सोमवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह ऑटो में महिला सवारियों को बैठाता था फिर सुनसान जगह ले जाकर उनके साथ गंदी हरकत करता था । वह ऐसे ही एक मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि
पकड़ा गया आरोपित हसीब मूलतः हरदोई के मिर्जानपुर गांव का रहने वाला हैं। वर्तमान में हैदर कैनाल नाला, थाना पारा क्षेत्र में रह रहा था।
आज सुबह आरोपित ने परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को चारबाग बस अड्डे के पास से आलमबाग ले जाने के लिए अपने ऑटो में बैठाया और उन्हें थाना क्षेत्र पारा के रामलीला ग्राउण्ड के पास सुनसान इलाके में ले जाकर उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने युवतियों के साथ मारपीट की, उनके साथ अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पारा पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
देर रात जब पुलिस ने एक सूचना के बाद आरोपित को ऑटो सहित घेराबंदी की तो अपराधी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक तमंचा, जिन्दा एवं खोखा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ और जांच से पाया गया कि अभियुक्त हसीब आदतन अपराधी है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी उसने जनपद हरदोई के थाना सण्डीला क्षेत्र में इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया था, जहाँ उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके लिए वह जेल भी जा चुका है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक