Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में
सदर कोतवाली क्षेत्र के भुजौली स्थित बुद्ध विहार कॉलोनी में सोमवार रात सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी । चोरी की वारदात को अंजाम देने जा रहे संदिग्ध चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी ज्ञान प्रकाश गोड़ अपने मकान में ताला लगाकर रविवार को गांव गए थे। सोमवार को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा मिला। जांच करने पर घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैमरे में दिखाई दिए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
थानेदार राकेश कुमार राय ने मंगलवार को बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक