Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अमेठी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत कमरौली थाना क्षेत्र के यूपीसीड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में बीती रात्रि उस समय हड़कंप मच गया जब वहां पर काम करने वाले युवक की लाश फांसी के फंदे से लटकते हुए अस्पताल के अंदर मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस जाँच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान दुर्गेश कुमार शुक्ला (21) पुत्र संतोष कुमार शुक्ला निवासी गोधना, थाना शिवरतनगंज जनपद अमेठी के रूप में हुई। दुर्गेश कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल की फार्मेसी में काम करता था। बीती रात्रि दुर्गेश की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल के अंदर ही फांसी के फंदे से लटकती हुई पाई गई। अस्पताल कर्मियों ने जैसे ही दुर्गेश की लाश को देखा पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया तत्काल इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
कमरौली थाने के प्रभारी मुकेश पटेल ने मंगलवार को बताया कि जानकारी मिलते ही हम लोग अस्पताल पहुंच गए। फांसी के फंदे से युवक की लाश को उतार कर कब्जे में लेते हुए परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद लाश का पंचायत मामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा। पुलिस घटना की प्रत्येक एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी