Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अभिनेता अरशद वारसी एक बार फिर कॉमेडी के रंग में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। 'गोलमाल' और 'धमाल' जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले अरशद अब आगामी क्राइम-कॉमेडी थ्रिलर 'जीवन भीमा योजना' में पहली बार डबल रोल निभाते नजर आएंगे। फिल्म का मजेदार टीजर 8 जून को जारी किया गया, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म का निर्देशन 'फ्राइडे' फेम अभिषेक डोगरा ने किया है।
टीजर की शुरुआत अरशद वारसी के किरदार से होती है, जो अपने हमशक्ल व्यक्ति से टकराता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ कर्ज और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे इस किरदार की जिंदगी में नया मोड़ आता है। बीमा राशि हासिल करने के लिए वह अपनी पत्नी, जिसका किरदार संजीदा शेख ने निभाया है, के साथ एक योजना बनाता है। हालांकि हालात अचानक ऐसे बदलते हैं कि दोनों एक तस्करी गिरोह के जाल में फंस जाते हैं। टीजर में हास्य, भ्रम और रोमांच का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म में अरशद और संजीदा के अलावा विजय राज, पूजा चोपड़ा और बिजेंद्रकला भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माताओं ने फिलहाल फिल्म की रिलीज तारीख की घोषणा नहीं की है। वहीं अरशद वारसी जल्द ही अक्षय कुमार अभिनीत बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में भी दिखाई देंगे, जो 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे