रात में मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम, मरीजों से पूछा हाल; वन स्टॉप सेंटर की भी परखी व्यवस्था
The DM arrived at the hospital at night, inquired about the condition of the patients; also examined the arrangements at the One Stop Center.
फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल कॉलेज


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे मेडिकल कॉलेज


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे वन स्टाफ सेंटर


फोटो जिलाधिकारी पहुंचे वन स्टाफ सेंटर


देवरिया, 08 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार की देर रात मेडिकल कॉलेज और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं महिला सुरक्षा सेवाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

रात्रि करीब साढ़े आठ बजे जिलाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और महिला प्रसूति वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, लेकिन जिलाधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने और अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड का पालन कराने के भी निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी वन स्टॉप सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं की समीक्षा की।

उन्होंने केंद्र के अभिलेख, सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और परामर्श सेवाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि संकटग्रस्त महिलाओं को समयबद्ध और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता लगातार बेहतर बनाने तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक