Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में हॉरर फिल्म ऑब्सेशन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म का एक दृश्य देखकर अपनी ही चर्चित फिल्म
'कौन' के उस यादगार पल को याद किया, जिसमें अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर का सस्पेंस से भरा सीन शामिल था। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि 'ऑब्सेशन' देखने के बाद उन्हें 'कौन' में उर्मिला मातोंडकर का वह प्रतिष्ठित शॉट याद आ गया। उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और भी बढ़ गई है, खासकर हॉरर और सस्पेंस प्रेमियों के बीच।
करी बार्कर द्वारा निर्देशित 'ऑब्सेशन' में माइकल जॉनस्टन और इंडे नेवरेट मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म में माइकल का किरदार बेयर बेली ने निभाया है, जो एक शांत स्वभाव का म्यूजिक स्टोर कर्मचारी होता है और अपनी सहकर्मी निक्की फ्रीमैन के प्रति गुप्त रूप से आकर्षित रहता है। यह कहानी मनोवैज्ञानिक तनाव और सस्पेंस के इर्द-गिर्द घूमती है।
कम बजट में बनी इस इंडी हॉरर फिल्म ने बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 7.5 लाख डॉलर के बजट में बनी 'ऑब्सेशन' ने दुनियाभर में 200 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई कर ली है। इसे पहले टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 'मिडनाइट मैडनेस' सेक्शन में दिखाया गया था और बाद में यह अमेरिका में रिलीज हुई। इस सफलता को इंडी सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे