Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे में करवन नदी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे जन अभियान का असर अब प्रशासनिक स्तर पर भी दिखने लगा है। करवन नदी बचाओ समिति द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद बुधवार को नगर पंचायत प्रशासन ने युवाओं के साथ बैठक कर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार के आमंत्रण पर करवन नदी बचाओ समिति के सदस्य नगर पंचायत सभागार पहुंचे। यहां युवाओं ने नदी के संरक्षण और सौंदर्याकरण के लिए तैयार विस्तृत रोडमैप अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति के सदस्यों ने मांग की कि नदी के दोनों किनारों की भूमि को समतल कराकर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाए, जिससे नदी क्षेत्र को हरित स्वरूप मिल सके। उन्होंने नदी किनारे बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के टहलने के लिए हरित पट्टी विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। इसके अतिरिक्त, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाने और नगर क्षेत्र से नदी में पहुंचने वाली गंदगी, पॉलिथीन तथा कचरे को रोकने के लिए जालीदार बांध स्थापित करने की भी मांग की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत के सभासदों के सहयोग से नदी संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। समिति के सदस्य वार्ड-वार जाकर लोगों से अपील करेंगे कि वे कूड़ा-कचरा नालों एवं नालियों में न डालें। बैठक में निर्भय भट्ट, अजरूद्दीन फौजी, हेमंत कश्यप, फौजी कुमार, दीपक चौधरी, कृष्णा तिवारी, सभासद उमेश शर्मा, दिनेश वर्मा, नासिर खान, जफरुद्दीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी नदी संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना