Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम मेदिनीपुर, 03 जून (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर बेलदा कॉलेज की ओर से बुधवार को जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग, स्वास्थ्य लाभ और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कॉलेज के प्राचार्य चंद्रशेखर हाजरा की पहल पर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से आयोजित इस रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली बेलदा कॉलेज परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः कॉलेज पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और ईंधन बचत से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए।
आयोजकों ने बताया कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और ईंधन की खपत कम होने से पर्यावरण प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में मदद मिलती है। इसी संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए रैली का आयोजन किया गया।
कॉलेज की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उनका कहना है कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के लिए साइकिल के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता