Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 26 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला सचिव और खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन के असामयिक निधन पर खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को जिले की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुशील पाहन जमीन से जुड़े जननेता थे। वे आदिवासी समाज के हक-अधिकारों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। उनके निधन से खूंटी की राजनीति और सामाजिक आंदोलनों को बड़ी क्षति पहुंची है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि सुशील पाहन संवाद और जनसेवा में हमेशा अग्रणी रहे। उनका मिलनसार स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत था। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी पूरी संवेदना के साथ उनके परिवार के साथ खड़ी है।
स्वर्गीय सुशील पाहन को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश कोऑर्डिनेटर पीटर मुंडू, प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, सांसद प्रतिनिधि पाडेया मुंडा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, रविकांत मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता गोप, आदिवासी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एलेक्सियूस परधिया सहित अन्य शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा