अंबुबासी मेले के दौरान पूसीरे ने किया भोजन वितरण, यात्रियों की सहायता की व्यवस्था
गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। अंबुबासी मेले के अवसर पर कामाख्या मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे महिला कल्याण संगठन (एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) ने कामाख्या रेलवे स्टेशन पर भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार
अंबुबासी मेले के दौरान पूसीरे के तत्वावधान में भोजन वितरण किए जाने की तस्वीर।


गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। अंबुबासी मेले के अवसर पर कामाख्या मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे महिला कल्याण संगठन (एनएफआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) ने कामाख्या रेलवे स्टेशन पर भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम संगठन की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत और सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल के माध्यम से संगठन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया। अंबुबासी मेले जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा को प्राथमिकता दी गई।

मेले के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों को रेलवे क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया है। ये स्वयंसेवक भीड़ प्रबंधन, मार्गदर्शन तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सके।

इसके अतिरिक्त, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के वाणिज्य विभाग ने भी गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर कामाख्या मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जलपान एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना था।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कामाख्या को असम और उत्तर बंगाल के महत्वपूर्ण गंतव्यों से जोड़ने वाली कई विशेष अनारक्षित रेल सेवाएं संचालित की हैं। साथ ही, कई नियमित यात्री ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे जोड़कर उनकी क्षमता भी बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि अंबुबासी मेले के दौरान विभिन्न विभागों, संगठनों और स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से सुरक्षित, सुविधाजनक और यात्री-अनुकूल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश