Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अयोध्या, 25 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उनके साथ राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह भी हैं। केजरीवाल शुक्रवार को श्रीराम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर संतों से भी मिलेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अयोध्या में श्री रामचंद्र जी के मंदिर के दान से मीडिया और सोशल मीडिया में जिस तरह की खबरें आ रही हैं, उससे दिल बहुत आहत हैं। इन लोगों ने भगवान जी का चढ़ावा, उनकी माला और उनकी पादुका तक चोरी कर ली। लोगों ने बहुत भावना के साथ भगवान को जो हीरे-जवाहरात चढ़ाए थे, वे भी चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह के साथ भगवान श्रीराम का दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी जाकर संतों से मुलाकात भी करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर से जिस तरह की खबरें आ रही हैं, उससे मेरा और मुझ जैसे करोड़ों लोगों का मन बहुत व्यथित है। मैं शुक्रवार को राम मंदिर जाकर भगवान के दर्शन करूंगा। दर्शन करने के बाद हम हनुमानगढ़ी भी जाएंगे और वहां कुछ संतों से भी मुलाकात करेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय