Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मालदा, 09 मई (हि.स.)। मोथाबाड़ी कांड में केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालियाचक के दो तृणमूल कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कालियाचक एक नंबर ब्लॉक के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष सरयूल शेख और सुजापुर क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष यूसुफ शेख को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम की गई।
जानकारी के अनुसार, मतगणना से एक दिन पहले कालियाचक के नौ तृणमूल नेताओं को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया था। इनमें जिला परिषद की वन एवं भूमि कर्माध्यक्ष और सुजापुर विधानसभा की उम्मीदवार सबीना यासमीन के चुनाव एजेंट अब्दुर रहमान, ब्लॉक अध्यक्ष सरयूल शेख, पूर्व खाद्य कर्माध्यक्ष हाजी केताबुद्दीन शेख और यूसुफ शेख समेत अन्य शामिल थे।
उन्हें रविवार को कालियाचक थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया था, लेकिन मतगणना में व्यस्तता के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। बाद में दोबारा बुलाया गया।
एनआईए के समन पर बुधवार को कुछ नेता पेश हुए, जिनमें सरयूल शेख भी शामिल थे। उसी दिन उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए।
शुक्रवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया और लंबी पूछताछ के बाद सरयूल और यूसुफ शेख को देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि मोथाबाड़ी में जिस दिन न्यायाधीशों को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, उस दिन सुजापुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर जाम और प्रदर्शन हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, सुजापुर अस्पताल के पास सबसे बड़ा प्रदर्शन हुआ था। यूसुफ शेख का एक नर्सिंग होम भी वहीं स्थित है, जिसके सामने हुए बड़े विरोध प्रदर्शन के चलते उनकी गिरफ्तारी हुई मानी जा रही है। एनआईए सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कांग्रेस और तृणमूल के कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी बहुत जल्द हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार