Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 08 मई (हि. स.)। वाराणसी में कचहरी के चारों ओर सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों को अब पार्किंग में खड़ा किया जा सकेगा। कचहरी से चंद कदम की दूरी पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को मल्टीलेवल पार्किंग का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पत्रकारों से कहा कि कचहरी के निकट तिराहे चौराहों पर होने वाली जाम की समस्या के निदान के लिए मल्टीलेवल पार्किंग के लिए स्थान की तलाश की गई। नगर निगम ने एक महीने के भीतर मल्टीलेवल पार्किंग स्थल को वाहनों को खड़ा करने की स्थिति में लाते हुए सुव्यवस्थित किया। पार्किंग के शुरू होने से सड़क पर पहले खड़े होने वाले वाहनों को अब से पार्किंग में खड़ा किया जा सकेगा।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने उद्घाटन के बाद मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि पार्किंग में एक समय में तीन सौ मोटरसाइकिल और दो सौ कार खड़ी होगी। मल्टीलेवल पार्किंग में आग से बचाव के लिए फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया गया है। वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद