Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 08 मई (हि.स.)। नोएडा के थाना बीटा- दो क्षेत्र के भाटी गोल चक्कर के पास देर रात को हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल कैंटर चालक की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बीटा- दो क्षेत्र में बीती रात को एक आयशर कैंटर एवं टाटा ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में आयशर के चालक वसंत कुमार पुत्र सुरेश चंद मूल निवासी जनपद कासगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि टाटा ट्रेलर के चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों ड्राइवरों ने भाटी गोल चक्कर के पास एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेजा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी