Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 08 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव पसीना खुर्द में गत दिवस एक मकान की छत अचानक गिरने से मलबे के नीचे दबकर चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। मृतक आयुष के ताऊ बालिंद्र कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई रविंद्र दिहाड़ी करता है। गुरुवार काे रविंद्र अपने दोनों बच्चों को स्कूल से लेकर घर लेकर आया था। खाना खाने के बाद रविंद्र वापस मजदूरी पर चला गया, जबकि उसकी पत्नी सोनिया बड़ा बेटा साहिल और छोटा बेटा आयुष कमरे के अंदर सो रहे थे। रोजाना वे कमरे की कुंडी नहीं लगाते थे, लेकिन कल उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद किया हुआ था।
बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना था और कड़ियों वाली छत की कड़ी अचानक बीच से टूट गई। छत गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज हुई, जिसे सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर मलबे में दबे मां और बच्चों को बाहर निकाला।
पड़ोसी तुरंत तीनों को गंभीर हालत में सिवाह बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल ले जाते समय आयुष की मौत हो गई। वहीं, 7 साल के साहिल और मां सोनिया को प्राथमिक उपचार दिया गया। इस हादसे में सोनिया का हाथ टूट गया है और उसके चेहरे और कान पर भी गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने बताया कि मृतक आयुष को दो महीने पहले ही एक प्ले-वे स्कूल में दाखिला करवाया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा