Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 08 मई (हि.स.)। जिले में सीवान नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 75 पुड़िया स्मैक और एक बुलेट बाइक भी जब्त की है। दोनों आरोपित नगर थाना क्षेत्र में घूम-घूमकर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तार युवकों नगर थाने के रामनगर निवासी स्वर्गीय कूदन मियां का पुत्र पप्पन मियां एवं स्वर्गीय बंजर तिवारी का पुत्र मंटू तिवारी शामिल है।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि गुरुवार को नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि आंदर ढाला ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति बुलेट बाइक से पहुंचकर स्मैक बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस टीम जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद दोनों युवक पुलिस वाहन को देखकर बुलेट बाइक मोड़कर भागने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम पप्पन मियां बताया. उसकी तलाशी लेने पर 40 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। वहीं दूसरे युवक मंटु तिवारी के पास से 35 पुड़िया स्मैक बरामद की गई।
दोनों के पास से बरामद स्मैक का कुल वजन करीब 30 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बुलेट बाइक को भी जब्त कर लिया गया है.पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में पुअनि शशि रंजन सहित नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma