Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्व मेदिनीपुर, 06 मई (हि.स.)।
विधानसभा चुनाव 2026 में नंदीग्राम सीट से लगातार तीसरी बार बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भाजपा नेता और विधायक शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अपने क्षेत्र में पहुंचकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ऐसी नीतियां लागू करेगी कि आने वाले 100 वर्षों तक पश्चिम बंगाल में पार्टी की मजबूत उपस्थिति बनी रहेगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने को कहा।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्हें नंदीग्राम की जनता का कर्ज चुकाना है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भविष्य में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट लाने का भी आश्वासन दिया। इसी बीच राज्य की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में विकास कार्यों को रोका गया।
चुनाव परिणामों के बाद राज्य के कई हिस्सों में तनाव और राजनीतिक हिंसा की घटनाओं के बीच शुभेंदु अधिकारी ने अपने समर्थकों को कानून हाथ में न लेने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में कार्रवाई कानूनी तरीके से की जाएगी और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी।
इस बीच, राजनीतिक हलकों में नंदीग्राम की इस जीत को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण बढ़त के रूप में देखा जा रहा है, जबकि राज्य में सरकार गठन और नेतृत्व को लेकर सियासी चर्चा तेज बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता