Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 06 मई (हि.स.)। विंध्यवासिनी वार्ड में बुधवार को राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य तिथि शिविर का आयोजन बैला बाजार स्थित नवीन सामुदायिक भवन में किया गया। शिविर में वार्ड के महिला एवं पुरुष नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जांच की और उचित परामर्श प्रदान किया। साथ ही मरीजों को निश्शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने जानकारी दी कि दवाइयां समाप्त होने पर जिला न्यायालय के पास स्थित आयुष केंद्र से भी दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। शिविर के आयोजन से वार्डवासियों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। घर के समीप ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से लोगों ने इस पहल की सराहना की और वार्ड पार्षद अखिलेश सोनकर के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर सभापति निलेश सोनिया, पार्षद हेमंत बंजारे, वेदनारायण, मुकेश, लक्ष्मी गोलछा, विजय यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा