Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 24 मई (हि.स.)। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने भारत दौरे पर जाने वाले हैं। बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में आरएसपी द्वारा सरकार गठन के बाद भारत दौरे पर जाने वाले लामिछाने पहले नेता होंगे। भारत के विदेश मंत्रालय के निमंत्रण पर उनका अगले सप्ताह दिल्ली जाने का कार्यक्रम तय हुआ है।
1–2 जून को होने वाले इस दौरे के दौरान लामिछाने और भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच मुलाकात होने की संभावना है। हालांकि, अभी तक इस उच्चस्तरीय बैठक की औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। लामिछाने की भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर, अन्य मंत्रियों तथा विदेश सचिव विक्रम मिश्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात तय होने की जानकारी आरएसपी नेताओं ने दी है।
यह दौरा पार्टी स्तर का है, इसलिए भारत की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में उनका स्वागत करने की तैयारी की जा रही है। वहां उनकी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास