चेन्नई में ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ के तहत 75 से अधिक बदमाश गिरफ्तार, दोहरे हत्याकांडों के बाद चला अभियान
चेन्नई, 20 मई (हि.स.)। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हाल के दिनों में लगातार सामने आए दोहरे हत्याकांडों और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत मंगलवार
चेन्नई में ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ के तहत 75 से अधिक बदमाश गिरफ्तार, दोहरे हत्याकांडों के बाद चला अभियान


चेन्नई, 20 मई (हि.स.)। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हाल के दिनों में लगातार सामने आए दोहरे हत्याकांडों और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक चली व्यापक छापेमारी में पुलिस ने 75 से अधिक बदमाशों और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और संगठित अपराध पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

चेन्नई के मणिमंगलम क्षेत्र में 17 मई को हुई दोहरी हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। इस घटना में श्रीनिवासन और भरत नामक दो गायकों की हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि सात सदस्यीय गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मणिमंगलम विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे कई पुराने विवाद और आपराधिक प्रतिद्वंद्विता जुड़ी हुई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार बचपन से चली आ रही दुश्मनी, इलाके में दबदबा कायम रखने की होड़ और गांजा बिक्री को लेकर विवाद इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह बने। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और स्थानीय स्तर पर अपना प्रभाव बनाए रखने के लिए हिंसक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

मणिमंगलम की घटना से पहले लगभग दो महीने पहले पल्लावरम क्षेत्र में भी इसी प्रकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। वहां पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों की हत्या कर उनके चेहरे बुरी तरह बिगाड़ दिए गए थे ताकि पहचान छिपाई जा सके। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने चेन्नई और उसके उपनगरीय इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में शहर के कई हिस्सों में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, जबरन वसूली, गैंगवार और ‘कट्टा पंचायत’ जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में तेजी आई थी। इन घटनाओं के कारण आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए चेन्नई महानगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ शुरू किया। इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों ने शहर के संवेदनशील इलाकों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। देर रात तक चले इस अभियान में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई अपराधियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

तमिलनाडु पुलिस के अनुसार, एक ही रात में 75 से अधिक बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पुलियानथोप पुलिस जिले से 20, टी. नगर पुलिस जिले से 18, मायलापुर पुलिस जिले से 12, अड्यार पुलिस जिले से 16 और अन्ना नगर पुलिस जिले से 10 अपराधी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग हिस्ट्रीशीटर हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। इन पर गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, अवैध वसूली, धमकी, मारपीट और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। कुछ आरोपित स्थानीय गैंगों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो इलाके में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

पुलिस ने कई संदिग्धों से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। हालांकि अधिकारियों ने बरामदगी के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की है। गिरफ्तार सभी आरोपितों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि शहर में सक्रिय अन्य गिरोहों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

तमिलनाडु पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन स्पेशल ड्राइव’ केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। पुलिस आयुक्तालय ने सभी जिलों के अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर नजर बनाए रखने और नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV